“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नशे के खिलाफ तेज होगा अभियान, हर ब्लॉक में हर माह आयोजित होगा मेगा जागरूकता कार्यक्रम

एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने एनकॉर्ड कमेटी की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुए 192 मामले

कैथल, 6 नवंबर 2026। कैथल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल औपचारिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर जन आंदोलन का रूप दिया जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित करें।

एडीसी डॉ. सुशील कुमार शुक्रवार को जिला स्तरीय एनकॉर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (BDPO) को निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में हर महीने कम से कम एक मेगा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए। साथ ही पुलिस विभाग को नशा बेचने वालों और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

2026 में NDPS एक्ट के तहत 192 मामले दर्ज

बैठक में जिला ड्रग कंट्रोलर डॉ. चेतन वर्मा ने विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले माह कुल 61 निरीक्षण किए गए। इनमें से 22 निरीक्षण पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से किए गए।

पुलिस विभाग की कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में NDPS एक्ट के तहत 92 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक जिले में 192 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिले में नशा मुक्ति और जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं।

स्कूलों में रैली, सेमिनार और प्रतियोगिताओं के निर्देश

एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी हाई स्कूलों और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए नियमित रूप से रैलियां, सेमिनार, भाषण और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।

उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को सांसद खेल महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों की भी होगी भागीदारी

एडीसी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन से संबंधित सूचनाएं जुटाकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएं।

इसी प्रकार सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार पटवारियों तथा नंबरदारों के माध्यम से अपने क्षेत्रों में नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाने में सहयोग करें।

सभी विभागों को बेहतर तालमेल से काम करने के निर्देश

एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी बेहद जरूरी है। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि कैथल जिले को नशे की समस्या से मुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।

बैठक में एसडीएम संजय कुमार, गुहला डीएसपी हरदीप सिंह, डीडीपीओ रितु लाठर, जिला ड्रग कंट्रोलर डॉ. चेतन वर्मा, एसपी जेल अशोक कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन, डॉ. सचिन मांडले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Oplus_16908288