कैथल, 4 नवंबर। उपायुक्त अपराजिता ने जिलावासियों को धनतेरस, दीपावली और भाई दूज के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने और पटाखों के इस्तेमाल से बचने की अपील की।
डीसी अपराजिता ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और आपसी भाईचारे का त्योहार है। इस अवसर पर सभी नागरिक पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें और मिट्टी के दीपक जलाकर त्योहार मनाएं। इससे न केवल प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और मिट्टी के दीपक बनाने वाले कारीगरों को भी रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने बुराई पर विजय प्राप्त की थी, उसी प्रकार हम सभी को समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने में अपना योगदान देना चाहिए।
कैथल में 31 जनवरी 2027 तक पटाखों पर प्रतिबंध
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सुझावों और सरकार के निर्देशों के अनुसार कैथल जिले की सीमा में 31 जनवरी 2027 तक ग्रीन पटाखों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के पटाखों के निर्माण, बिक्री, फोड़ने और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके अलावा सीरीज पटाखों (सीरीज क्रैकर्स या लड़ियों) तथा बेरियम सॉल्ट युक्त पटाखों पर भी रोक रहेगी। जिले में पटाखों के ऑनलाइन ऑर्डर लेने और ऑनलाइन बिक्री पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
रात 8 से 10 बजे तक ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे
डीसी अपराजिता ने बताया कि जारी आदेशों के अनुसार जिले में ग्रीन पटाखे चलाने के लिए समय निर्धारित किया गया है। नागरिक केवल रात 8 बजे से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे चला सकेंगे। निर्धारित समय के अलावा पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें।
किसान पराली न जलाएं, उचित प्रबंधन करें
उपायुक्त ने किसानों से भी अपील की कि वे फसल अवशेष यानी पराली में आग न लगाएं, बल्कि उसका उचित प्रबंधन करें। पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और इसका प्रतिकूल प्रभाव जनस्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि किसान पराली का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करके पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
अंत में डीसी अपराजिता ने जिलावासियों को एक बार फिर धनतेरस, दीपावली और भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सभी त्योहार हर परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं।
