“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पटाखों पर 31 जनवरी 2027 तक प्रतिबंध, ग्रीन पटाखे भी तय समय पर ही चला सकेंगे; ऑनलाइन बिक्री पर रोक

जिलाधीश अपराजिता ने बताया कि सर्दियों के मौसम में अक्टूबर से जनवरी के बीच वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। पटाखों से निकलने वाले हानिकारक रसायन, विषाक्त पदार्थ, धातु के कण और गैसें वातावरण को प्रदूषित करते हैं। इससे वायु एवं ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है।
इसका सबसे ज्यादा प्रतिकूल प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस एवं हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सुझावों और सरकार के निर्देशों के अनुसार यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
नियमों की पालना के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी
जिलाधीश ने आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करवाने के लिए पुलिस विभाग, नगर आयुक्त, सभी एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीपीओ, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें, जरूरत के अनुसार छापेमारी करें और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भेजें।
पटाखा प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें विस्फोटक अधिनियम, 1884 और विस्फोटक नियम, 2008 के संबंधित प्रावधान भी शामिल होंगे।