“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के 4 रोवर्स नशा मुक्त भारत बाइक रैली में शामिल, अम्बाला से दिल्ली तक 250 किलोमीटर का सफर तय करेंगे


कैथल, 3 नवंबर। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली (हीरक जयंती) के समापन समारोह के उपलक्ष्य में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए “नशा मुक्त भारत – युवाओं का संकल्प” विषय पर दो दिवसीय बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस जागरूकता रैली में कैथल के भीष्म ओपन ग्रुप के चार रोवर्स एवं स्काउट मास्टर भाग ले रहे हैं।
भीष्म ओपन ग्रुप कैथल के ग्रुप लीडर बख्शीश गिरधर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से आयोजित यह रैली आज हरियाणा राज्य मुख्यालय, अम्बाला कैंट से शुरू हुई। रैली को राज्य संगठन आयुक्त अनिल कौशिक, अम्बाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अम्बाला से दिल्ली तक तय होगा 250 किलोमीटर का सफर
उन्होंने बताया कि बाइक रैली अम्बाला कैंट से शुरू होकर कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत होते हुए गदपुरी स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र (हरियाणा) पहुंचेगी। यहां प्रतिभागियों के रात्रि ठहराव की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह रैली राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के लिए रवाना होगी, जहां इसका समापन होगा।
इस लगभग 250 किलोमीटर लंबी जागरूकता रैली में उत्तरी क्षेत्र के पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर रेलवे से करीब 60 स्काउट मास्टर, रोवर और रेंजर भाग ले रहे हैं।
भीष्म ओपन ग्रुप कैथल के चार सदस्य ले रहे भाग
रैली में भीष्म ओपन ग्रुप कैथल की ओर से स्काउट मास्टर राजीव शर्मा, ग्रुप लीडर बख्शीश गिरधर, रोवर वेंकटरमन और सुनील चौधरी भागीदारी कर रहे हैं। सभी बाइक सवार हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए नशा मुक्ति के संदेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
नुक्कड़ नाटक और शपथ के माध्यम से देंगे नशा मुक्ति का संदेश
रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी और शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्य अधिकारियों ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स के युवा नशा मुक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यदि युवा नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लें तो देश को इस सामाजिक बुराई से मुक्त बनाने की दिशा में बड़ी सफलता मिल सकती है।
कैथल के रोवर्स की इस पहल से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रेरणादायक संदेश मिलेगा।