
कैथल। हिन्दू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 22वां वार्षिक उत्सव ‘परंपरा से प्रगति की ओर’ बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर शिक्षा, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सत्यदेव चौधरी और वरिष्ठ अतिथि एडवोकेट साकेत मंगल ने दीप प्रज्वलित करके किया। समारोह में हिन्दू स्कूल के प्रधान सुनील चौधरी, मैनेजर अनिल चौधरी, जनरल सेक्रेटरी संदीप चौधरी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजय चौधरी, वाइस प्रेसिडेंट जितेंद्र चौधरी और पुनीत चौधरी, फाइनेंस सेक्रेटरी योगेश चौधरी, एडवाइजर भूपेंद्र चौधरी तथा कार्यकारिणी सदस्य पीयूष चौधरी मौजूद रहे।


इसके अलावा हिन्दू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के फाइनेंस सेक्रेटरी मुन्नू चौधरी, कार्यकारी सदस्य परीक्षित चौधरी, संजीव चौधरी और राहुल चौधरी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिक उत्सव के दौरान छात्राओं ने सामूहिक नृत्य, देशभक्ति गीत और प्रेरणादायक नाटकों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रतिभा और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
मेधावी छात्राओं को चांदी के मेडल और नकद पुरस्कार
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि सत्यदेव चौधरी ने चांदी के मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।
वहीं, जिन विषयों में विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, उन विषयों की अध्यापिकाओं को चांदी के सिक्के देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली अध्यापिकाओं में कंप्यूटर साइंस की कविता बतरा, हिंदी की बिंदु, पंजाबी की सुदर्शन, जियोग्राफी की प्रियंका और संस्कृत की प्रियंका शामिल रहीं।
प्रधान सुनील चौधरी और प्रिंसिपल मोनिका कौशिक ने किया स्वागत
इस अवसर पर विद्यालय प्रधान सुनील चौधरी और प्रिंसिपल मोनिका कौशिक उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया तथा वार्षिक उत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय का यह वार्षिक समारोह छात्राओं की प्रतिभा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का मंच बना।
