“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आरकेएसडी कॉलेज कैथल का दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल असीम कुमार घोष ने 200 पुरातन छात्रों को बांटी उपाधियां

कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय, कैथल में दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणा के राज्यपाल श्री असीम कुमार घोष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और महाविद्यालय के लगभग 200 पुरातन छात्रों (एल्युमनाई) को उपाधियां प्रदान कीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अश्वनी शोरेवाले और समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि राज्यपाल असीम कुमार घोष का स्वागत किया।

शिक्षा के क्षेत्र में कॉलेज की उपलब्धियों को किया साझा

महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अश्वनी शोरेवाले ने अपने संबोधन में कहा कि राज्यपाल का महाविद्यालय परिसर में आगमन संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी पुरातन छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि प्रबंधन समिति विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के उच्च स्तर को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने प्रस्तुत की वार्षिक रिपोर्ट

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के हाथों लगभग 200 पुरातन छात्रों को उपाधियां मिलना महाविद्यालय के लिए स्वर्णिम क्षण है।

उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महाविद्यालय का नाम रोशन करने और देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता का विकास: राज्यपाल

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन और निष्ठा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का एक ऐतिहासिक पड़ाव होता है।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा केवल आजीविका या रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास जगाना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब वे महाविद्यालय से निकलकर समाज के व्यापक क्षेत्र में कदम रखते हैं, तो उनके कंधों पर अपने परिवार के साथ-साथ देश की उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी भी होती है।

वंचित वर्गों तक शिक्षा पहुंचाने का आह्वान

राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाओं, अनुशासन और सफल संचालन के लिए कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने महाविद्यालय को अति पिछड़े वर्गों तक शिक्षा पहुंचाने का आह्वान किया और संस्थान की गौरवशाली विरासत को बनाए रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिभाओं को किया सम्मानित

समारोह के दौरान महाविद्यालय की पुरातन छात्रा एवं प्राध्यापिका प्रो. डॉ. सीमा गुप्ता, सीआरएसयू जींद के रजिस्ट्रार तथा मुकेश को एनसीसी डीजी मेडल और रिपब्लिक डे परेड 2026 से संबंधित उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन स्टाफ सचिव डॉ. विकास भारद्वाज, प्रोफेसर डॉ. सुरुचि शर्मा और डॉ. रचना सरदाना ने किया। भव्य दीक्षांत समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

आरकेएसडी कॉलेज कैथल का यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव बनने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा भी दे गया।