साइबर ठग नए-नए तरीकों से बना रहे लोगों को निशाना

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल की अगुवाई में एचसी कृष्ण कुमार की टीम ने बस स्टैंड कैथल पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या परिचित बनकर फोन और मैसेज के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं।
इसके अलावा फर्जी लिंक, नकली वेबसाइट, केवाईसी अपडेट, इनाम जीतने, नौकरी दिलाने और ऑनलाइन भुगतान के नाम पर भी लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती है। पुलिस ने आमजन को ऐसे किसी भी फोन, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सलाह दी।
OTP, ATM PIN और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें
कैथल पुलिस की टीम ने साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की अपील की। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा न करें। व्हाट्सएप और SMS पर प्राप्त संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने यह भी समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड न करें। ऐसी फाइलों के माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल और व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंच बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
UPI पेमेंट के नाम पर होने वाली ठगी से रहें सावधान
जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों को ऑनलाइन भुगतान से जुड़े साइबर फ्रॉड के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि UPI के माध्यम से पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती। इसलिए पैसे प्राप्त करने के नाम पर आने वाले संदिग्ध भुगतान अनुरोधों की जांच जरूर करें और बिना पुष्टि के कोई कदम न उठाएं।
कैथल पुलिस ने आमजन से की साइबर सुरक्षा अपनाने की अपील
कैथल पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे डिजिटल लेन-देन करते समय सावधानी बरतें और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें। साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, थोड़ी-सी सतर्कता और सही जानकारी साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचा सकती है।
फोटो कैप्शन: बस स्टैंड कैथल पर यात्रियों और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करती साइबर थाना पुलिस की टीम।
