“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आरकेएसडी कॉलेज कैथल में महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और उद्यमशीलता के अवसरों के प्रति किया जागरूक

कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय, कैथल में महिला प्रकोष्ठ की ओर से ‘आत्मनिर्भर हरियाणा, आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘महिलाओं को वित्तीय साक्षरता एवं उद्यमशीलता के अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाना’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), कैथल की मुख्य प्रबंधक संतोष मीणा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उनके साथ बैंक के अन्य टीम सदस्य भी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय की प्रबंध समिति के प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला प्रकोष्ठ की इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को महिलाओं की जागरूकता और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

वित्तीय शिक्षा से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर : डॉ. गगन मित्तल

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि वित्तीय साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति के लिए वित्तीय शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैंकिंग सेवाओं और स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी

मुख्य वक्ता संतोष मीणा ने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय नियोजन और उद्यमशीलता के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए वित्तीय निर्णय सोच-समझकर लेने, धन का उचित प्रबंधन करने और उपलब्ध उद्यमशीलता के अवसरों का लाभ उठाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए भी प्रेरित किया।

महिला प्रकोष्ठ ने बताया वित्तीय सशक्तिकरण का महत्व

महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. अलीशा गोयल ने संगोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वित्तीय साक्षरता और उद्यमशीलता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महिलाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी क्षमताओं और कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला प्रकोष्ठ की सदस्याओं डॉ. शिल्पी अग्रवाल, डॉ. रेखा रानी, डॉ. चेतना, डॉ. अंजलि, डॉ. हिमांशी, सुश्री नेहा चौधरी, सुश्री निशा मित्तल और सुश्री भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस संगोष्ठी के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग सेवाओं और उद्यमशीलता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।