दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को नि:शुल्क जांच, स्वास्थ्य परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं; लोगों ने विधायक की जनसेवा पहल को सराहा
कैथल, 21 अक्टूबर 2026। श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा राजपुरी जी महाराज के मेले के पावन अवसर पर गांव बाबा लदाना में विधायक आदित्य सुरजेवाला की ओर से संचालित ‘आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल’ के माध्यम से दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस पहल के तहत मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और गांव के लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
बाबा लदाना मेले में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं
शिविर में डॉ. साहिल, स्टाफ नर्स मीना देवी और उनकी चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। दवा वितरण के कार्य में श्याम सैनी, रजत, राममेहर, धर्म चन्द गौरव और राजेन्द्र शर्मा ने सक्रिय सहयोग किया।
गांव के लोगों और मेले में आए श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में स्वास्थ्य जांच तथा दवाइयों पर काफी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत लेकर आया है। विशेष रूप से उन लोगों को लाभ मिला, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है या आर्थिक कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराना मुश्किल होता है।
कैथल के वार्डों और गांवों में भी पहुंच रहा चलता-फिरता अस्पताल
‘आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल’ इससे पहले भी कैथल शहर के विभिन्न वार्डों और विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुका है। इन शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की बात कही गई है।
कैथल शहर के शक्ति नगर, महादेव कॉलोनी, अर्जुन नगर, सुभाष नगर, सिरटा रोड, हरसौला बस्ती, रामनगर, रेलवे लाइन पार, बलराज नगर, शिव कॉलोनी और छज्जू कुंड सहित कई क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं।
इसके अलावा उझाना, पाड़ला, बाबा लदाना, सजूमा, गुहणा, क्योड़क, सांगन, नौच और खनौदा सहित हलके के विभिन्न गांवों में भी यह पहल पहुंच चुकी है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके घरों के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
हर गांव और वार्ड तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य: आदित्य सुरजेवाला
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कैथल के लोगों की सेवा करना उनका परम धर्म है। उनका उद्देश्य है कि कैथल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर के हर वार्ड तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंचें, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नि:शुल्क चलता-फिरता अस्पताल के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
बाबा लदाना मेले में आयोजित इस दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने इसे जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी पहल बताया।


