“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी, 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला

कैथल में दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी, 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला

कलायत में CIA पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि में मिली अनियमितता; दूध-पनीर के 3 सैंपल जांच के लिए लिए

कैथल, 20 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की आशंका को देखते हुए कैथल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में CIA कलायत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध और पनीर के तीन सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कलायत की दूध-पनीर फैक्ट्री में संयुक्त टीम की छापेमारी

CIA कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के अनुसार, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक फैक्ट्री में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए CIA कलायत पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा की टीम के साथ संयुक्त रूप से फैक्ट्री में छापेमारी की।

जांच के दौरान मौके पर लगभग 8 क्विंटल पनीर मिला। इसमें करीब 5 क्विंटल पनीर पैकेटों में पैक था, जबकि लगभग 3 क्विंटल पनीर खुला रखा हुआ था। इसके अलावा फैक्ट्री में करीब 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क भी मौजूद मिला।

पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि को लेकर मिली अनियमितता

कार्रवाई के दौरान पैक किए गए पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि को लेकर भी अनियमितता सामने आई। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में कार्रवाई 19 अक्टूबर को की गई थी, जबकि पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि 20 अक्टूबर अंकित मिली। यानी पैकेटों पर कार्रवाई की तारीख से एक दिन आगे की निर्माण तिथि लिखी हुई थी।

दूध और पनीर के तीन सैंपल जांच के लिए लिए

मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध और पनीर के कुल तीन सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों की जांच के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पता लगाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन की सेहत को ध्यान में रखते हुए विभागीय जांच महत्वपूर्ण है। हालांकि, पनीर में मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फोटो: 5, 6, 7 और 8 संलग्न।