“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल अनाज मंडी में आदित्य सुरजेवाला का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- “पैदावार पर पाबंदी, MSP पर तालाबंदी”


कैथल, 7 अक्टूबर 2026। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने बुधवार को कैथल की नई अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंडी के पूर्व प्रधान सतीश जैन की दुकान पर प्रेसवार्ता के बाद उन्होंने मंडी का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि सरकार का फॉर्मूला किसान के लिए “पैदावार पर पाबंदी, कटाई पर कर्फ्यू, बिक्री पर शर्त और एमएसपी पर तालाबंदी” बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान मंडियों में परेशान है, जबकि सरकार “एक-एक दाना खरीदने” का दावा कर रही है।
7.07 लाख टन आवक, खरीद सिर्फ 1.38 लाख टन का दावा
सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 7 लाख 7 हजार टन धान की आवक हो चुकी है, जबकि खरीद केवल 1 लाख 38 हजार टन हुई है। उन्होंने बताया कि उठान सिर्फ 21 हजार टन हुआ है। उनके अनुसार करीब 6 लाख 86 हजार टन धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है और अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना किसानों की चिंता बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक 16,302 किसानों का धान बिका, लेकिन केवल करीब 700 किसानों को भुगतान मिला है। सुरजेवाला ने इसे किसानों के प्रति सरकार की गंभीर लापरवाही बताया।
कैथल में धान खरीद की स्थिति पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि कैथल जिले में भी धान खरीद की स्थिति चिंताजनक है। उनके अनुसार जिले में करीब 1 लाख 7 हजार टन धान की आवक हुई, जबकि खरीद केवल 8,600 टन और उठान महज 195 टन रहा।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग और ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के आंकड़ों में 4 लाख एकड़ से ज्यादा का अंतर है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है।
पराली को लेकर सरकार पर साधा निशाना
आदित्य सुरजेवाला ने पराली प्रबंधन नीति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पराली जलाने पर पोर्टल बंद करने और MSP खरीद से किसान को बाहर करने जैसी कार्रवाई समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने सरकार से किसानों को पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध कराने और पराली खरीद की व्यवस्था करने की मांग की।
कंबाइन संचालन और मंडी गेट बंद करने के फैसले पर सवाल
सुरजेवाला ने कहा कि शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन चलाने पर रोक से किसानों और मजदूरों की परेशानी बढ़ेगी। उन्होंने रेड एंट्री और 30 हजार रुपये के जुर्माने का भी विरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कैथल मंडी के गेट शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक बंद रखने की तैयारी की जा रही है। साथ ही फसल केवल अपने जिले में बेचने की पाबंदी को भी उन्होंने किसान विरोधी बताया।
प्रति एकड़ धान खरीद कोटा खत्म करने की मांग
कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस वर्ष प्रति एकड़ धान खरीद कोटा लागू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कैथल के लिए 27.39 क्विंटल प्रति एकड़ का आंकड़ा निर्धारित किया गया है, जबकि पिछले वर्ष 35 क्विंटल तक खरीद हुई थी।
उनके अनुसार इससे किसानों की उपज का एक हिस्सा MSP खरीद से बाहर हो सकता है। उन्होंने प्रति एकड़ कोटा और “अपने जिले में बेचो” की पाबंदी तत्काल समाप्त करने की मांग की।
17 प्रतिशत नमी को लेकर भी सरकार को घेरा
आदित्य सुरजेवाला ने धान में 17 प्रतिशत नमी की सीमा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नमी के नाम पर किसानों से कटौती की जा रही है।
उन्होंने मांग की कि मंडियों में पर्याप्त ड्रायर उपलब्ध कराए जाएं और किसानों को नमी के नाम पर होने वाली कथित कटौती से राहत दी जाए।
MSP और महंगाई का मुद्दा उठाया
सुरजेवाला ने गेहूं के MSP में बढ़ोतरी और खाद्य महंगाई के बीच अंतर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की लागत और महंगाई को देखते हुए MSP में पर्याप्त वृद्धि जरूरी है। उन्होंने CACP की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की।
सरकार के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
आदित्य सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि:
हर किसान का हर दाना MSP पर खरीदा जाए।
प्रति एकड़ धान खरीद का कोटा खत्म किया जाए।
“अपने जिले में बेचो” की पाबंदी हटाई जाए।
कंबाइन संचालन की समय पाबंदी वापस ली जाए।
रेड एंट्री और 30 हजार रुपये का जुर्माना वापस लिया जाए।
नमी में किसानों को उचित राहत दी जाए।
मंडियों में पर्याप्त ड्रायर उपलब्ध कराए जाएं।
पराली प्रबंधन के लिए मशीन और खरीद की व्यवस्था की जाए।
धान की खरीद पिछले वर्ष के स्तर से कम न हो।
गेहूं और चने के MSP में महंगाई के अनुरूप बढ़ोतरी की जाए।
CACP रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
किसानों को खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
“रील नहीं, राहत दीजिए; फरमान नहीं, फसल खरीदिए”
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के किसान पहले भी बड़े कृषि आंदोलनों में अपनी आवाज मजबूती से उठा चुके हैं और अब भी किसान के हितों से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कैथल का किसान अकेला नहीं है और कांग्रेस हर मंडी से विधानसभा तक किसानों के साथ खड़ी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा—“रील नहीं, राहत दीजिए। फरमान नहीं, फसल खरीदिए।”
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांढ, कर्मबीर शर्मा खुराना, अश्विनी शोरेवाला, रामनिवास मित्तल, पूर्व प्रधान सतीश जैन, जयकिशन मित्तल, शीशपाल पाई, राजकुमार बैनीवाल, रामनिवास जैन, सुरेंद्र जैन, राजेंद्र मंगला, रोशन पाडला, बालकू राम, कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष कविश मिड्डा, कुलदीप चहल दिल्लोवाली, मनीष सिक्का, सतीश जिंदल, गुरदेव मलिक, कुलदीप धारीवाल, सतीश चहल, करन मलिक, योगी मित्तल, अजय भट्ट, कुलदीप बागड़ी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *