“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आरकेएसडी कॉलेज कैथल में इंटरनेशनल कल्चरल एक्सचेंज कार्यक्रम, अमेरिका के विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कैथल। आरकेएसडी कॉलेज कैथल में इस्टर्न मैनोनाइट यूनिवर्सिटी, वर्जीनिया, अमेरिका के सहयोग से इंटरनेशनल कल्चरल एक्सचेंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और अमेरिका के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी संवाद और विभिन्न संस्कृतियों को समझने के अवसर प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के पुरातन छात्र एवं असिस्टेंट प्रोफेसर गौरव पठानीया तथा प्रोफेसर मैरी एस. स्प्रिंगर के नेतृत्व में इस्टर्न मैनोनाइट यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का 15 सदस्यीय दल आरकेएसडी कॉलेज कैथल पहुंचा।

आरकेएसडी प्रबंधन ने किया अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान का स्वागत

आरकेएसडी कॉलेज की प्रधान प्रबंधक समिति के अध्यक्ष अश्विनि शोरेवाला ने अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अलग-अलग देशों की संस्कृति और जीवनशैली को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।

कॉलेज प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने आयोजन समिति के साथ मिलकर अतिथियों के स्वागत की तैयारियां पूरी करवाईं। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजवीर पाराशर एवं आयोजन समिति ने अमेरिका से आए विद्यार्थियों का कॉलेज परिसर पहुंचने पर स्वागत किया।

आठ विधाओं में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

इंटरनेशनल कल्चरल एक्सचेंज कार्यक्रम के दौरान कुल आठ विधाओं में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम की शुरुआत आरकेएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों नवनीत और मुस्कान के नृत्य तथा रोशन के गायन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति देकर अपनी स्थानीय संस्कृति की झलक पेश की।

वहीं, इस्टर्न मैनोनाइट यूनिवर्सिटी, वर्जीनिया के विद्यार्थियों ने समूहगान की तीन प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में दोनों देशों की सांस्कृतिक विविधता और प्रतिभा को मंच पर देखने का अवसर मिला।

महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र विभाग की छात्रा पूजा ने हाथ से तैयार की गई फुलझड़ियां बनाकर अमेरिकी विद्यार्थियों एवं अतिथियों को उपहार के रूप में प्रदान कीं।

भारतीय और अमेरिकी विद्यार्थियों के बीच हुआ संवाद

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों को आपस में संवाद करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने बिना किसी झिझक के एक-दूसरे से बातचीत की और अपने-अपने क्षेत्र, विश्वविद्यालय तथा संस्कृति से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।

अमेरिका से आए विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और खानपान की विशेष सराहना की। दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों ने भविष्य में भी आपसी संवाद और विचार-विमर्श जारी रखने पर सहमति जताई।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुरुचि शर्मा ने किया।

इस अवसर पर डॉ. विकास भारद्वाज, डॉ. अशोक अञि, डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. जयबीर धारीवाल, डॉ. राजीव शर्मा, डिप्टी सुपरिटेंडेंट अनिल, जयदेव और पंकज शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *