“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल कोर्ट परिसर में साइबर अपराध को लेकर जागरूकता अभियान, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

कैथल, 7 अक्टूबर। साइबर जागरूकता माह के तहत कैथल पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन एवं वहां मौजूद अन्य लोगों को साइबर ठगी से बचने के जरूरी उपाय बताए।

फोन कॉल और फर्जी लिंक से रहें सावधान

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन खरीदारी, बैंकिंग फ्रॉड और विभिन्न प्रकार के लालच देकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।

पुलिस टीम ने लोगों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते से संबंधित जानकारी, OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।

संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की अपील

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए किसी ऐप को डाउनलोड करने या स्क्रीन शेयरिंग लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अपनी निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के बाद शुरुआती समय में की गई शिकायत बेहद महत्वपूर्ण होती है। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई रकम को फ्रीज करवाने की संभावना बढ़ जाती है।

कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *