“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 12 चोरी की बाइक बरामद

कैथल, 6 अक्टूबर 2026। कैथल पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एंटी एक्सटोर्शन सेल की टीम ने गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 12 चोरीशुदा बाइक बरामद की हैं। बरामद बाइकें कैथल के अलावा पानीपत और बरवाला क्षेत्र से चोरी की गई थीं।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर जिले में दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत एंटी एक्सटोर्शन सेल की टीम को बाइक चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

घर के बाहर से चोरी हुई थी बाइक

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि गांव पाडला निवासी राममेहर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 18 सितंबर को उसके घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर कैथल में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच एसपी मनप्रीत सिंह के आदेशानुसार एंटी एक्सटोर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान तीन संदिग्धों को काबू किया।

पूछताछ में 12 चोरी की बाइक बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजौंद निवासी दीपक, जोनी और मेहर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों से व्यापक पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से शिकायतकर्ता की चोरी हुई बाइक समेत कुल 12 चोरी की बाइक बरामद की हैं।

जांच में सामने आया कि बरामद बाइकें कैथल, पानीपत और बरवाला क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इनमें से 4 बाइक कैथल जिले से चोरी होना पाया गया है।

तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे

पुलिस ने बरामद सभी बाइक को कब्जे में लेकर संबंधित मामलों की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कैथल पुलिस की इस कार्रवाई से दुपहिया वाहन चोरी के मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *