“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

रिलायंस रिटेल कैथल में आरकेएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने पूरी की शॉर्ट-टर्म इंटर्नशिप


कैथल। आरकेएसडी कॉलेज, कैथल के विद्यार्थियों ने रिलायंस रिटेल, कैथल में आयोजित शॉर्ट-टर्म इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी की। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को रिटेल क्षेत्र की कार्यप्रणाली, ग्राहक सेवा, स्टोर संचालन, उत्पाद प्रबंधन और टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
इंटर्नशिप पूर्ण होने पर कॉलेज के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव देना समय की आवश्यकता है। इस तरह की इंटर्नशिप विद्यार्थियों को अपने कौशल को निखारने के साथ-साथ भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद करती हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों में रोजगारपरक एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने में सहायक होता है।
विद्यार्थियों ने सीखा रिटेल स्टोर संचालन
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों ने रिलायंस रिटेल कैथल के स्टोर मैनेजर रोशन तथा स्टोर अधिकारियों सुमित और प्रदीप के मार्गदर्शन में रिटेल क्षेत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
विद्यार्थियों ने ग्राहक संवाद एवं ग्राहक सेवा, उत्पादों की व्यवस्थित प्रस्तुति, स्टॉक एवं इन्वेंट्री प्रबंधन, बिलिंग प्रक्रिया, स्टोर संचालन तथा टीम के साथ समन्वय जैसे विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान हासिल किया। विद्यार्थियों ने कहा कि स्टोर पर कार्य करने से उन्हें वास्तविक कार्यस्थल के अनुशासन, जिम्मेदारियों और टीमवर्क को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
12 विद्यार्थियों को मिले इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र
इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों में अनु, छवि बंसल, भारती, खुशी, लीना, सिमरन, भूमिका, दिलप्रीत, राजीव, हिमांशु, नसीब और अशोक शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों को रिलायंस रिटेल की ओर से इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
प्रमाण-पत्र वितरण के अवसर पर प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल, डॉ. राजबीर पाराशर, डॉ. सुरुचि शर्मा, डॉ. विशाल आनंद, डॉ. अलीशा गोयल, डॉ. सूरज वालिया और डॉ. विशाल गर्ग उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इंटर्नशिप से प्राप्त व्यावहारिक अनुभव को करियर में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज ने रिलायंस रिटेल टीम का जताया आभार
कॉलेज प्रशासन ने इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और रिलायंस रिटेल के अधिकारियों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि रिलायंस रिटेल टीम द्वारा विद्यार्थियों को दिए गए मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण से उनके कौशल विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
कॉलेज ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इसी प्रकार के इंटर्नशिप, कौशल विकास और रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योग जगत के साथ सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *