“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

RKSD कॉलेज कैथल के 42 विद्यार्थियों ने जिला उपभोक्ता आयोग का किया शैक्षणिक भ्रमण

कैथल। आर.के.एस.डी. कॉलेज (कॉमर्स), कैथल के संध्याकालीन सत्र के एम.कॉम. एवं बी.कॉम. फाइनल के विद्यार्थियों ने जिला उपभोक्ता आयोग, कैथल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान कुल 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

वाणिज्य विभाग की अध्यक्षा डॉ. मीनू भूटानी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. ईला गुप्ता और प्रो. रीना मक्कड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को जिला उपभोक्ता आयोग की कार्यप्रणाली और उपभोक्ता शिकायतों के निपटान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला उपभोक्ता आयोग की ओर से हर्षिता मेहता और सदस्य रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को कोर्ट की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को प्राप्त अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने आयोग में चल रही विभिन्न शिकायतों एवं उनके निपटान की प्रक्रिया को भी नजदीक से समझा।

इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने सवालों के माध्यम से एडवोकेट उमेश मलिक, सचिव नीना शर्मा, उपाध्यक्ष अनिल सैनी, सीनियर एडवोकेट प्रमोद शर्मा, सचिन मित्तल और एडवोकेट ऋतुराज से संवाद किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान करते हुए उपभोक्ता कानून से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान

शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले उपभोक्ता संरक्षण एवं वाणिज्य से जुड़े विषयों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों ने जाना कि उपभोक्ता अपने अधिकारों के हनन की स्थिति में किस प्रकार शिकायत दर्ज करा सकते हैं और शिकायत निवारण की प्रक्रिया किस प्रकार आगे बढ़ती है।

कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान अश्विनी शौरेवाला और उनकी पूरी टीम की ओर से समय-समय पर विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाता है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल तथा संध्याकालीन सत्र के प्राचार्य प्रभारी डॉ. हरिंदर गुप्ता ने सफल शैक्षणिक भ्रमण के लिए वाणिज्य विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित संस्थानों और स्थानों का भ्रमण करवाने से उन्हें विषय का व्यावहारिक ज्ञान मिलता है। भविष्य में भी विद्यार्थियों को इस प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर निरंतर प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *