“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हिसार में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत सम्मानित

हिसार/कैथल, 25 सितंबर। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल के कुलगुरु आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU S&T), हिसार में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रिंटिंग और पैकेजिंग तकनीक के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 24 से 26 सितंबर 2026 तक जीजेयू के प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग और ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन, लुधियाना के संयुक्त आयोजन में “AI and Robotics – Revolutionizing Printing & Packaging” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।

AI और रोबोटिक्स से बदलेगा प्रिंटिंग-पैकेजिंग क्षेत्र

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत ने कहा कि डिजिटलीकरण और रोबोटिक्स भारतीय प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग में नवाचार को गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवा ‘मेड-इन-इंडिया’ चिप्स से संचालित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स के माध्यम से अगली पीढ़ी की प्रिंटिंग और पैकेजिंग तकनीक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आचार्य अनायत ने कहा कि भारत प्रिंटिंग और पैकेजिंग तकनीक के क्षेत्र में तेजी से एक अग्रणी देश के रूप में उभर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत स्वदेशी मशीनरी एवं उपकरणों के उपयोग के साथ-साथ प्रिंटिंग और पैकेजिंग से जुड़े सॉफ्टवेयर, मशीनरी तथा उपकरणों के निर्यात की दिशा में भी आगे बढ़ेगा।

प्रिंटिंग-पैकेजिंग क्षेत्र में 20 वर्षों का औद्योगिक अनुभव

उल्लेखनीय है कि आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत के पास प्रिंटिंग और पैकेजिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक अनुभव के साथ लगभग 20 वर्षों का औद्योगिक अनुभव भी है। सम्मेलन में उन्होंने प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग में तकनीकी बदलाव, डिजिटलीकरण, AI और रोबोटिक्स की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

कई देशों के विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न देशों से विशेषज्ञ एवं वक्ता शामिल हुए। इनमें ग्रीस से प्रो. (डॉ.) अनास्तासियोस ई. पोलिटिस, कनाडा से श्री इरविन ड्रिओवोर, चुलालोंगकॉर्न विश्वविद्यालय, बैंकॉक से प्रो. डॉ. अरण हंसुओबसाई तथा ग्रीस से सुश्री एलेक्जेंड्रा वेरगोपोउलौ शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के प्रिंटिंग विभाग की अध्यक्षा डॉ. वंदना गुप्ता, प्रो. अंबरीश पांडे, डॉ. बिजेंद्र कौशिक तथा ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन के महासचिव कमल चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं आयोजन टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *