कैथल, 22 सितंबर 2026। कैथल जिले में नशा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। “नशा मुक्त हो जिला अभियान” के तहत कैथल पुलिस ने मंगलवार को थाना शहर क्षेत्र के डेरा गरजा सिंह और थाना सीवन क्षेत्र के डेरा रायसिंह वाला में सघन सर्च एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और संभावित ठिकानों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान थाना शहर पुलिस ने डेरा गरजा सिंह से सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के घर की छत पर रखी एक टंकी से शराब तैयार करने के लिए रखा गया 650 लीटर लाहण बरामद किया गया।
डेरा गरजा सिंह में पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल की अगुवाई में डेरा गरजा सिंह में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं, थाना सीवन प्रभारी महिला एसआई मुकेश के नेतृत्व में डेरा रायसिंह वाला में संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के घरों तथा संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई।
पुलिस टीमों ने तलाशी अभियान के दौरान यह जांच की कि कहीं मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई है। साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं शराब तस्करी के 4 मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुखविंद्र सिंह के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी से संबंधित 4 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर 2026 को भी डेरा गरजा सिंह में सर्च अभियान चलाया गया था। उस दौरान आरोपी द्वारा फर्श के नीचे दबाकर रखी गई टंकी से 500 लीटर लाहण और एक प्लास्टिक की केनी से 5 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की गई थी।
कैथल पुलिस का नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कैथल पुलिस द्वारा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कॉम्बिंग, सर्च और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इन अभियानों का उद्देश्य नशा एवं शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों को रोकना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी और अन्य समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।



Leave a Reply