कैथल, 22 सितंबर 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों पर की गई। दोनों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
राजौंद क्षेत्र में 8.41 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसवंत सिंह की टीम राजौंद क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव मंडवाल जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक के इंतजार में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। उसकी पहचान गांव बोहत, जिला जींद निवासी सतपाल के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार सूचना के बाद मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राजौंद सुभाष चंद की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 8.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
इस संबंध में थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे एसआई बलराज ने आरोपी सतपाल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
152-डी हाईवे पर ट्रक से 9.205 किलो चूरा पोस्त बरामद
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान सिंह की टीम रात के समय अपराध की रोकथाम के लिए 152-डी हाईवे पर गांव मोहना पुल के नीचे मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रक नंबर HR73A-0119 में भारी मात्रा में डोडा पोस्त हो सकता है और ट्रक राजौंद की तरफ से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव मोहना के नजदीक 152-डी पुल पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध ट्रक राजौंद की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रुकने का इशारा किया। पुलिस पार्टी को देखकर चालक ट्रक को पीछे रोककर नीचे उतरकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे ट्रक सहित काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान गांव नेहरा, जिला जींद निवासी बलदेव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार पुंडरी अंसुल की मौजूदगी में ट्रक की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के पीछे रखे पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे से 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
इस मामले में थाना पुंडरी में केस दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे एएसआई जसमेर सिंह ने आरोपी बलदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया में है।
कैथल पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी
कैथल पुलिस द्वारा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एंटी नारकोटिक सेल की इन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से हेरोइन और चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मामलों की जांच आगे भी जारी है।

Leave a Reply