कैथल, 18 सितंबर। कैथल पुलिस द्वारा अवैध असला-अमुनेशन रखने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने थाना पुण्डरी क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम शाम के समय गश्त पर थी। पुलिस टीम गांव मुंदड़ी स्थित सरकारी स्कूल के सामने मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हांसी-बुटाना नहर, करनाल रोड कैथल पुल पर एक युवक किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और गांव करोड़ा निवासी सुमित कुमार को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट से 315 बोर का देसी कट्टा और एक 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुण्डरी में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध हथियार से संबंधित अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।


Leave a Reply