कैथल पुलिस की अवैध शराब तस्करों पर कार्रवाई, 11 मामलों में 11 आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 16 सितंबर 2026। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कैथल पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग 11 मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 180 लीटर लाहण और 193.25 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना, नाकाबंदी और दबिश के आधार पर यह कार्रवाई की।
अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
रामथली चौकी: पुलिस टीम ने डेरा किशन सिंह खरकां निवासी मुखत्यार सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पशुओं के बाड़े में रखे ड्रम से करीब 180 लीटर लाहण बरामद हुआ।
महमूदपुर चौकी: गढ़ी नजीर से धनेठा जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी कर धनेठा निवासी धर्मपाल सिंह को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 10 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई।
थाना शहर कैथल: नानकपुरी कॉलोनी स्थित दुकान पर दबिश देकर यश को काबू किया गया। दुकान में तख्त के नीचे से 16 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
सीआईए-1 कैथल: प्योदा से जींद रोड जाने वाली सड़क पर रजवाहा के पास नाकाबंदी कर प्योदा निवासी ज्ञानी राम को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 16 बोतल देसी शराब मिली।
पुण्डरी चौकी: कैंची चौक पुण्डरी के पास नाकाबंदी के दौरान बाकल निवासी विकास को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 21.25 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई।
थाना पुण्डरी: गांव भाणा में दुकान खुर्दे पर दबिश देकर महीपाल को गिरफ्तार किया गया। दुकान के पीछे झाड़ियों में प्लास्टिक कट्टे से 13 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई।
किठाना चौकी: गांव गुलियाणा में दुकान खुर्दे पर दबिश देकर जयप्रकाश को काबू किया गया। मेज के नीचे रखी दो गत्ता पेटियों से 22 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
सीआईए-1 कैथल: फतेहपुर-मटरवाखेड़ी रोड पर नहर पुल के पास फतेहपुर निवासी आदित्य उर्फ आदि को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 38.5 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई।
अरनौली चौकी: पपराला-बाऊपुर रोड पर कसौली मोड़ के आगे ट्यूबवेल कोठा के पास गगड़पुर निवासी चरणा राम को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 18.5 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
एंटी नारकोटिक सेल कैथल: बडा कटहेरा, सीवन गेट स्थित दुकान पर दबिश देकर नरेश को गिरफ्तार किया गया। दुकान के अंदर रखे दो कट्टों से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
सीआईए कलायत: सिणंद से सजुमा रोड पर नाकाबंदी कर सजुमा निवासी अनिल कुमार को काबू किया गया। उसके कब्जे से 14 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
दो दिन में 21 मामलों में 20 आरोपी गिरफ्तार
कैथल पुलिस के अनुसार, जिले में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ कुल 21 अलग-अलग मामले दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 360 लीटर लाहण और 619.50 बोतल अवैध शराब बरामद की।
सभी मामलों में संबंधित थानों में अलग-अलग केस दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।




Leave a Reply