“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल-गुहला न्यायिक परिसरों में पुलिस और डॉग स्क्वाड ने जांची सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना देने की अपील

कैथल, 15 सितंबर 2026। जिला पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और न्यायिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से कैथल और गुहला में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया। सोमवार को गुहला कोर्ट तथा मंगलवार को स्थानीय न्यायिक परिसर कैथल में सीआईए कैथल की टीम और डॉग स्क्वाड टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने डॉग स्क्वाड के साथ न्यायिक परिसर के सीसीटीवी कैमरों, मुख्य द्वार (मैन गेट) और परिसर के प्रत्येक हिस्से की गहन जांच की। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संभावित सुरक्षा खामियों को भी परखा।

न्यायिक परिसर में मौजूद लोगों को किया जागरूक

सुरक्षा जांच के दौरान न्यायिक परिसर में मौजूद आम लोगों को भी आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।

पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो वह खुद उससे छेड़छाड़ न करे और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे।

पुलिस और जनता के सहयोग से अपराधों पर लगेगा प्रभावी अंकुश : डीएसपी बीरभान

डीएसपी मुख्यालय बीरभान ने बताया कि सोमवार को गुहला कोर्ट और मंगलवार को कैथल न्यायिक परिसर में सीआईए कैथल तथा डॉग स्क्वाड टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान परिसर के प्रत्येक हिस्से की गहनता से जांच की गई।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहकर समय पर पुलिस को किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देता है, तो संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सकता है।

डीएसपी बीरभान ने नागरिकों से पुलिस को अपना मित्र मानते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *