कैथल, 14 सितंबर 2026। जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कैथल पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने 7.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि थाना पुंडरी पुलिस ने 16 बोतल देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को काबू किया है।
7.14 ग्राम हेरोइन सहित नशा तस्कर गिरफ्तार
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने कार्रवाई की। सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी।
पुलिस टीम कलायत बाईपास, नरवाना रोड, लघु सचिवालय कलायत के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भगत सिंह कॉलोनी, नरवाना निवासी राहुल हेरोइन बेचने का काम करता है और मोटरसाइकिल से किसी व्यक्ति को हेरोइन देने के लिए कलायत बाईपास की तरफ आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कलायत बाईपास पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद नरवाना की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान राहुल निवासी भगत सिंह कॉलोनी, नरवाना, जिला जींद के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ईटीओ कैथल ईश्वर सिंह के समक्ष नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पन्नी में 7.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
इस संबंध में थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे एएसआई जसमेर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुंडरी में 16 बोतल देसी शराब बरामद, आरोपी काबू
इसी अभियान के तहत थाना पुंडरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 16 बोतल देसी शराब सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना पुंडरी पुलिस के एसआई संजय कुमार ने गांव भाणा निवासी राजेश के मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान राजेश को काबू कर लिया गया। मकान के अंदर बने कमरे की जांच करने पर पुलिस को 16 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
इस मामले में थाना पुंडरी में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


Leave a Reply