कैथल, 14 सितंबर 2026। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA-1 कैथल पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से तांबा तार, तेल व अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गांव बलबेहड़ा निवासी धर्मा उर्फ भानाराम कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने पर दर्ज हुआ था मामला
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि उपमंडल अधिकारी, UHBVN चीका की शिकायत के अनुसार क्षेत्र प्रभारी विजय कुमार ने 16 जून को एक्सईएन कार्यालय के सामने रखे ट्रांसफार्मर की जांच की थी। जांच के दौरान सामने आया कि 16 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर का सामान और तेल चोरी हो चुका था। इसके बाद थाना चीका में मामला दर्ज किया गया।
CIA-1 ने पांच आरोपियों को किया था गिरफ्तार
मामले की जांच CIA-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एसआई प्रवीन कुमार, एएसआई गुरदान और एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने की। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक, ट्रांसफार्मरों से चोरी की गई 6 किलोग्राम तांबा तार, 5 लीटर तेल, इंसुलेटर, बाडी, क्वाईल और एक ट्रांसफार्मर बरामद किया गया।
32 चोरी की वारदातें सुलझाने में मिली सफलता
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गुहला, चीका और ढांड थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी के साथ मोबाइल चोरी की वारदातों में भी शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कुल 32 वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है।
चोरी का सामान कबाड़ी धर्मा को बेचते थे आरोपी
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से व्यापक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे ट्रांसफार्मरों से चोरी किया गया तांबा तार और अन्य सामान बलबेहड़ा, पंजाब निवासी कबाड़ी धर्मा को बेचते थे।
इसके बाद एसआई प्रवीन कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलबेहड़ा से आरोपी धर्मा उर्फ भानाराम कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड हासिल करेगी। पूछताछ के दौरान चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की संभावना है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों में गिरोह के सदस्यों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

Leave a Reply