कैथल, 8 अगस्त। जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में अपराध एवं संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने चीका में मकान से चोरी के मामले में वांछित दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हुड्डा आर-3, चीका निवासी जय भगवान उर्फ ज्ञान गोयल ने थाना चीका में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह 8 जून को दोपहर करीब 12 बजे अपने बेटे के पास पंचकूला गया था। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसके मकान के दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं।
सूचना मिलते ही जय भगवान चीका स्थित अपने घर पहुंचा। घर के अंदर सभी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से करीब 24 लाख रुपये की नकदी, 60-65 तोले सोना और करीब 10 किलोग्राम चांदी चोरी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना चीका में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने की कार्रवाई
मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई बिजेंद्र की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने सोहन सिंह और धर्मबीर निवासी मौड़ मंडी, जिला बठिंडा, पंजाब को इस मामले में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को इससे पहले 25 जून की रात स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम सिंह की टीम ने सिकंदर खेड़ी से बरसाना रोड पर पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू किया था। दोनों आरोपी पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में जिला जेल में बंद थे।
चीका में हुई उक्त चोरी के मामले में दोनों आरोपी वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अदालत के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चीका चोरी मामले में गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं 3-3 मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कातिलाना हमला, चोरी आदि के 3-3 मामले दर्ज हैं। चोरी की वारदात में करीब 24 लाख रुपये नकद, सोना और चांदी चोरी होने के कारण पुलिस आरोपियों से व्यापक पूछताछ कर रही है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने मामले की गहन जांच और पूछताछ के लिए 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी की रकम, सोने-चांदी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
फोटो: स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपी।


Leave a Reply