कैथल, 30 जुलाई। हरियाणा के कैथल जिले के गांव पाई में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण करने की अपील की।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपने दायित्व को याद करने का पर्व है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, वायु प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1950 में शुरू हुआ वन महोत्सव आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। प्रदेश सरकार ने वर्तमान मानसून सीजन में 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें वन विभाग के साथ अन्य विभागों और आम नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
राजेश नागर ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे एक विशाल वृक्ष बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने ‘प्राण वायु देवता पेंशन योजना’ लागू कर 75 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों के संरक्षण को प्रोत्साहित किया है।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित पर्यावरण की सबसे बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से बच्चे के जन्म, जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले बुजुर्ग का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान गांव किच्छाना निवासी बुजुर्ग राजपाल को वर्षों से पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मंत्री राजेश नागर ने एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीसी अपराजिता, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, लेबरफेड चेयरमैन देवेंद्र पांचाल, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, निधि मोहन, डीएफओ भूपेंद्र राघव, बीडीपीओ राज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




Leave a Reply