“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग प्रवेश परीक्षा संपन्न, 1409 विद्यार्थियों ने लिया भाग

कैथल, 30 जुलाई 2026। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग कार्यक्रम के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। उपायुक्त अपराजिता के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार की विशेष पहल पर आयोजित इस परीक्षा में जिले के छहों खंडों से कुल 1409 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में गणितीय दक्षता, तार्किक सोच और समस्या समाधान क्षमता को विकसित किया जाएगा।

छहों खंडों से विद्यार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी

प्रवेश परीक्षा में विभिन्न खंडों से विद्यार्थियों की भागीदारी इस प्रकार रही—

  • कलायत: 296 विद्यार्थी
  • सीवन: 272 विद्यार्थी
  • पूंडरी: 234 विद्यार्थी
  • कैथल: 231 विद्यार्थी
  • गुहला: 208 विद्यार्थी
  • राजौंद: 168 विद्यार्थी

कुल मिलाकर 1409 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।

चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञों का प्रशिक्षण

कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी छत्तर पाल ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष कोचिंग प्रदान की जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की गणित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि उपायुक्त अपराजिता के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में चलाए जा रहे नवाचारों और विशेष शैक्षणिक अभियानों का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह पहल जिले के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *