“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर डीसी अपराजिता सख्त,

कैथल, 24 जुलाई। जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निपटान को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त (डीसी) अपराजिता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी, जन संवाद सहित सभी शिकायत निवारण पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत निवारण पोर्टल पर जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई कर उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) समय पर अपलोड की जाए।

शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग (PWD) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को एसएमजीटी पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निपटान करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य विभागों को भी अपने-अपने लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

डीसी ने कहा कि समाधान शिविर और अन्य ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टल आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समय-समय पर इन पोर्टलों की समीक्षा करते हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविर में सभी विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित रहें।

बैठक के दौरान डीसी अपराजिता ने नागरिकों की कई शिकायतें भी सुनीं। प्योदा गांव में तालाब ओवरफ्लो होने से बस्ती में जलभराव की शिकायत पर उन्होंने डीडीपीओ को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उद्यम सिंह पार्क की खराब स्थिति और रखरखाव में लापरवाही की शिकायत पर नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता को तत्काल मौके पर भेजकर निरीक्षण करने के आदेश दिए। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र (PPP), पेंशन और हरियाणा रोडवेज से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीसी डॉ. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, शुगर मिल के एमडी कृष्ण कुमार, कैथल एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, गुहला एसडीएम मनीष यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


SEO Tags: Kaithal News, Kaithal DC Aparajita, Haryana News, CM Window Haryana, SMGT Portal, Samadhan Shivir, Public Grievance, Kaithal Administration, Haryana Government, जन शिकायत, कैथल समाचार, डीसी अपराजिता, समाधान शिविर, सीएम विंडो, हरियाणा न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *