“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विदेश से पैसे भेजने के नाम पर साइबर ठगी का नया पैंतरा, कैथल पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

कैथल, 22 जुलाई। सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी भी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कैथल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन को आगाह करते हुए बताया कि इन दिनों फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विदेश से पैसे भेजने के नाम पर लोगों को ठगने की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं।

एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी विदेश में रहने वाले किसी परिचित, रिश्तेदार या दोस्त की फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं। इसके बाद वे विश्वास दिलाते हैं कि उन्होंने विदेश से भारत में पैसे भेजे हैं, लेकिन किसी निजी कारण से वे अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दे सकते। ठग यह भी कहते हैं कि भारत लौटने पर वे संबंधित व्यक्ति से पैसे वापस ले लेंगे।

फर्जी बैंक अधिकारी बनकर करते हैं कॉल

ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए अपराधी खुद को बैंक अधिकारी बताकर पीड़ित को फोन करते हैं और कहते हैं कि उसके खाते में विदेश से पैसे आने वाले हैं। इसके लिए केवल एक “कन्फर्मेशन कॉल” की आवश्यकता है। इसके बाद वे अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगना शुरू कर देते हैं।

कभी वीजा समाप्त होने का बहाना बनाया जाता है तो कभी ट्रैवल एजेंट को तत्काल भुगतान करने की बात कही जाती है। ठग यह भरोसा दिलाते हैं कि विदेश से भेजी गई रकम जल्द ही खाते में आ जाएगी, इसलिए फिलहाल अपने पास से पैसे भेज दें और बाद में उसी राशि से समायोजित कर लेना। कई लोग इस झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार बन जाते हैं।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि इस प्रकार के सभी कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया चैट पूरी तरह फर्जी हो सकते हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।

उन्होंने बताया कि कोई भी बैंक या सरकारी एजेंसी कभी भी फोन पर ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगती। इसी प्रकार किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना भी जोखिम भरा हो सकता है।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया संदेश प्राप्त होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। ऑनलाइन शिकायत www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।

कैथल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Tags: Cyber Crime, Cyber Fraud, Facebook Scam, Instagram Scam, Online Fraud, Kaithal Police, SP Manpreet Singh Sudan, Cyber Safety, Haryana News, Social Media Scam

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *