कैथल, 22 जुलाई। कैथल पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2024 के थाना शहर क्षेत्र के चर्चित हत्या मामले में भी वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
डीएसपी बीर भान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व और एएसआई अजीत सिंह की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए गांव रेर कलां, जिला पानीपत निवासी रामपाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने गांव पाडला-छौत रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर गांव छौत निवासी अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ था। पूछताछ में अजय ने खुलासा किया कि यह हथियार उसे रामपाल ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए रामपाल को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
2024 के हत्या मामले में भी था वांछित
पुलिस के अनुसार 19 जून 2024 को थाना शहर क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद के दौरान हुई फायरिंग में कोमल की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना में उसकी मां और बहन भी घायल हुई थीं। इस मामले में पहले एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि रामफल उर्फ रामपाल फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था और उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
कैथल पुलिस ने आरोपी रामपाल को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क और अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।
Keywords: कैथल पुलिस, हथियार सप्लायर गिरफ्तार, 50 हजार इनामी आरोपी, रामपाल गिरफ्तार, हत्या मामला, अवैध हथियार, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ, कैथल क्राइम न्यूज, Haryana Police, Kaithal News.

Leave a Reply