कैथल: संयुक्त किसान मोर्चा का बड़ा ऐलान, खुराना कचरा प्लांट आंदोलन को समर्थन, 22-24 जुलाई सांसद आवास घेराव की घोष

कैथल में संयुक्त किसान मोर्चा की आपात बैठक में खुराना कचरा प्लांट आंदोलन को समर्थन, भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील के विरोध, बिजली निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन और दिल्ली कन्वेंशन को लेकर अहम फैसले लिए गए
कैथल, 18 जुलाई। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) कैथल की एक आपातकालीन बैठक शनिवार को खुराना स्थित कचरा प्लांट पर चल रहे 37वें दिन के धरना स्थल पर आयोजित की गई। बैठक में किसानों के आंदोलन, भारत-अमेरिका प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील, बिजली निजीकरण तथा आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा ने खुराना कचरा प्लांट के खिलाफ चल रहे आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। मोर्चा ने कहा कि सरकार और प्रशासन समय रहते कचरा प्लांट को बंद करने की दिशा में कार्रवाई करे। यदि ऐसा नहीं किया गया तो धरना समिति द्वारा भविष्य में लिए जाने वाले प्रत्येक निर्णय का संयुक्त किसान मोर्चा पूरी तरह समर्थन करेगा।
बैठक में भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील का भी विरोध किया गया। संयुक्त किसान मोर्चा ने घोषणा की कि 22, 23 और 24 जुलाई 2026 को हरियाणा में भाजपा सांसदों के आवासों का घेराव कर उन्हें कृषि व्यापार समझौते के विरोध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसानों का कहना है कि सांसद इस ट्रेड डील का विरोध करें और किसानों के हितों की रक्षा करें।
इसके अलावा बैठक में सरकार की बिजली निजीकरण नीति का भी विरोध किया गया। किसान नेताओं ने कहा कि वर्ष 2025 के बिजली बिल के तहत गुरुग्राम और नूंह जिलों की बिजली कंपनियों के निजीकरण की तैयारी की जा रही है। इसके विरोध में 21 जुलाई 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा और बिजली कर्मचारी यूनियनें नूंह और गुरुग्राम में प्रदर्शन करेंगी तथा संबंधित उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपेंगी।
बैठक में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। निर्णय लिया गया कि 28 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक विशाल किसान कन्वेंशन आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन 29 जुलाई 2026 को ट्रेड यूनियनों की कन्वेंशन भी इसी स्थल पर आयोजित होगी।
बैठक में भाकियू हरियाणा के महासचिव जियालाल, उग्राहां संगठन के प्रधान मास्टर कंवरजीत, सुरेश मलिक (खुराना), कामरेड जसवीर सिंह, महेंद्र सिंह, कलायत ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र चोशाला, भीरा राम मलिक, सुभाष मलिक (खुराना), मीता गामड़ी, पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह कुल्तारण, ईश्वर सिंह नंबरदार सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
Tags: Kaithal News, Kaithal Farmers News, Samyukt Kisan Morcha, Khurana Garbage Plant, Haryana Farmers Protest, Free Trade Deal, Electricity Privatization, Haryana News, Farmer Protest, Kaithal Harit News

Leave a Reply