कैथल, 18 जुलाई। हरियाणा के कैथल जिले में नशा मुक्त जिला अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल और ड्रग कंट्रोल विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बिना लाइसेंस संचालित दवा दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 अल्प्राजोलम टैबलेट, 48 एमटीपी (गर्भपात) किट तथा अन्य एलोपैथिक दवाएं बरामद कीं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप सिंह को ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा से सूचना मिली कि सिविल सर्जन कैथल के निर्देश पर सिरटा रोड, गली नंबर-4 स्थित एक बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर की जांच की गई है। जांच के दौरान दुकान से प्रतिबंधित दवाएं मिलने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलते ही एएसआई जसमेर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम, जिसमें डॉ. सचिन मंडले, डॉ. अजय कुमार और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा शामिल थे, ने पुलिस को बताया कि दुकान पर अवैध रूप से एमटीपी किट और अन्य एलोपैथिक दवाओं के भंडारण एवं बिक्री की शिकायत मिली थी।
जांच के दौरान दुकान पर मौजूद राजेश कुमार, निवासी नानकपुरी कॉलोनी, खुराना रोड, कैथल से दवा विक्रय लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान दुकान से 100 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं।
इसके अलावा ड्रग कंट्रोल विभाग ने 48 एमटीपी किट और अन्य एलोपैथिक दवाओं को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की शिकायत पर थाना शहर कैथल में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एएसआई जसमेर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और नशा तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Keywords: Kaithal News, Kaithal Police, NDPS Act, Alprazolam Tablets Seized, Medical Store Raid Kaithal, Drug Control Department Haryana, Illegal Medical Store, MTP Kit Seized, Haryana Crime News, Kaithal Latest News


Leave a Reply