भिवानी, 15 जुलाई। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी में जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के तत्वावधान में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में “पत्रकारिता एवं श्रीमद्भगवद्गीता” विषय पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने की, जबकि सुपवा विश्वविद्यालय, रोहतक के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण आचार संहिता है। उन्होंने कहा कि गीता के सिद्धांत केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि पत्रकारों के जीवन में भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। गीता निष्काम कर्म, निर्भीकता, निष्पक्षता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है, जो पत्रकारिता के मूल सिद्धांत भी हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता और पत्रकारिता दोनों का आधार संवाद है। सत्ता के सामने सत्य कहना और सुनना कठिन होता है, लेकिन महाभारत में संजय ने निष्पक्ष रहकर सत्य का संवाद प्रस्तुत किया। आज के पत्रकारों को भी इसी निष्पक्षता और साहस को अपनाने की आवश्यकता है।
स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने युवाओं से नियमित गीता पाठ और ध्यान करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे तनाव, अवसाद और दिशाहीनता से बचा जा सकता है। उन्होंने नशा मुक्त और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण के लिए गीता के संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
कैथल के वरिष्ठ पत्रकार नवीन मल्होत्रा हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कैथल के वरिष्ठ पत्रकार नवीन मल्होत्रा को स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार देवव्रत वशिष्ठ स्मृति अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय में जल्द पढ़ाई जाएगी श्रीमद्भगवद्गीता
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि विश्वविद्यालय में स्वामी ज्ञानानंद महाराज का आगमन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है तथा जल्द ही श्रीमद्भगवद्गीता को विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
पत्रकारिता को दिशा देती है गीता: डॉ. अमित आर्य
मुख्य अतिथि डॉ. अमित आर्य ने कहा कि गीता के सिद्धांत आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि वे कुलगुरु बनने से पहले पत्रकार थे और आज भी स्वयं को पत्रकार मानते हैं। उन्होंने पत्रकारों से गीता के मूल्यों को अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्पक्षता से निर्वहन करने का आह्वान किया।
हरियाणा बोर्ड के टॉपर्स और उनकी माताओं का होगा सम्मान
जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के प्रधान ईश्वर धामू ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब की नौ वर्षों की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि क्लब जल्द ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं को सम्मानित करेगा। इसके अलावा वन महोत्सव के तहत पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्लब के महासचिव प्रदीप चौहान ने प्रस्तुत किया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षाविद, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply