“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय तितरम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, 560 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

कैथल, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, तितरम (कैथल) में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य उमेश कुमार भारद्वाज और उप प्राचार्य ओम प्रकाश ने की। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा मुख्य वक्ता रहे।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को भी कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने काव्य और गायन के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, “यदि नशा होता अच्छा तो माँ कहती खा ले मेरे बच्चा।” इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने विद्यार्थियों पर गहरा प्रभाव डाला। उन्होंने यह भी कहा कि “नशा शौक से आरम्भ होता है और इसका अंत शोक पर होता है। शौक और शोक में केवल एक मात्रा का अंतर है।”

डॉ. वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं, लेकिन जागरूकता की कमी का फायदा उठाकर नशा कारोबारी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह नशे के खिलाफ आवाज उठाए।

विद्यालय के उप प्राचार्य ओम प्रकाश ने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के 560 छात्र-छात्राओं और 29 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की कि नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित किसी भी सूचना के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 अथवा 9050891508 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *