कैथल, 11 जुलाई। हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलो 300 ग्राम गांजा फूल-पत्ती सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम गश्त के दौरान गांव डोहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डेरा राये सिख, कांगथली निवासी राजविंद्र सिंह उर्फ रवि मोटरसाइकिल पर गांजा फूल-पत्ती लेकर कैथल की ओर सप्लाई देने आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव डोहर से गांव कवारतन जाने वाले मार्ग पर एक ईंट भट्टे के समीप नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल बंद हो गई, जिसका फायदा उठाकर पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
आरोपी की पहचान राजविंद्र सिंह उर्फ रवि, निवासी डेरा राये सिख, कांगथली के रूप में हुई। सूचना मिलने पर एईटीओ कैथल रोहित कुमार मौके पर पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथीन में 1 किलो 300 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी हो सकते हैं।
कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


Leave a Reply