“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में स्वास्थ्य कर्मियों को डीसी अपराजिता की चेतावनी, ड्यूटी से गायब मिले तो होगी सख्त कार्रवाई

कैथल, 7 जुलाई। कैथल की डीसी अपराजिता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित ड्यूटी समय के दौरान अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित और औचक निरीक्षण बढ़ाए जाएं तथा ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित मिलने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक एवं जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी ने कहा कि आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिले के लिंगानुपात में सुधार, भ्रूण हत्या पर रोक, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। डीसी ने निर्देश दिए कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी है, वहां रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों, एमटीपी सेंटरों और दवा विक्रेताओं की नियमित एवं औचक जांच की जाए। यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आशा वर्करों और एएनएम को गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि भ्रूण लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पात्र सूचना देने वाले को सरकार के प्रावधानों के तहत एक लाख रुपये तक का पुरस्कार भी दिया जाएगा।

बैठक में एचएसवीपी के ईओ वकील अहमद, सिविल सर्जन डॉ. रेणु चावला, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल, सुरेंद्र सिंह, सीडीपीओ शशिबाला, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Kaithal News, Kaithal Health Department, DC Aparajita, Health Workers, Civil Surgeon Kaithal, Haryana News, Sex Ratio, PCPNDT Act, Health Centres, Breaking News Kaithal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *