

कैथल, 5 जुलाई। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) 2026 के दौरान कैथल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जरूरतमंद परीक्षार्थियों की सहायता की। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर जिलेभर में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की हरसंभव मदद सुनिश्चित की।
इसी क्रम में ढांड चौक पर ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर ओमप्रकाश अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला परीक्षार्थी अपने अभिभावक के साथ उनके पास पहुंची और बताया कि वाहन न मिलने के कारण वह परीक्षा के लिए देर हो रही है। महिला का परीक्षा केंद्र इंडस स्कूल था और समय पर नहीं पहुंचने की स्थिति में उसकी परीक्षा छूट सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने तुरंत पुलिस वाहन उपलब्ध कराया और महिला परीक्षार्थी व उसके अभिभावक को सुरक्षित एवं समय पर इंडस स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण महिला अभ्यर्थी समय रहते परीक्षा में शामिल हो सकी।
इसके अलावा पुलिस चौकी अनाज मंडी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार सहित जिला पुलिस के अन्य कर्मचारियों ने भी परीक्षा के दौरान कई परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन, सहायता और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। कैथल पुलिस की इस मानवीय पहल की परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने परीक्षा से पहले ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंद परीक्षार्थियों की हरसंभव सहायता की जाए, ताकि एचटेट परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की सेवा और सहायता करना भी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कैथल पुलिस सुरक्षा, सुविधा और जनसेवा की भावना के साथ इसी प्रकार कार्य करती रहेगी।
SEO Keywords: HTET 2026, HTET Kaithal News, Kaithal Police, Manpreet Singh Sudan, HTET Exam Kaithal, Kaithal Police Help, HTET Exam Center, Indus School Kaithal, Haryana HTET News, Kaithal Latest News.



Leave a Reply