कैथल 3 जुलाई। चैनौत गांव में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) हरियाणा और ग्रामीणों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। संगठन का कहना है कि गांव में पिछले करीब 50 दिनों से शांतिपूर्ण धरना जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि खानपुर वाटर वर्क्स से हांसी शहर को जाने वाली 36 इंची मुख्य पेयजल पाइपलाइन से चैनौत गांव के लिए 6 इंची का अलग कनेक्शन दिया जाए। किसान नेताओं का कहना है कि यह पाइपलाइन गांव की जमीन से होकर गुजरती है और इससे गांव को नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने अमृत-2 योजना के चैप्टर नंबर 16 (क्रमांक 16.7.1) का हवाला देते हुए कहा कि योजना के मार्ग में आने वाले गांवों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसलिए चैनौत गांव को भी इस योजना से जोड़ा जाना चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के नेताओं बलवान सिंह, बलजीत, शमशेर सिंधु, रामपाल, शेर सिंह बेनीवाल और संदीप बेनीवाल ने बताया कि यदि 6 इंची कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है तो गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। उनका दावा है कि इससे अलग मोटर, बिजली फीडर और नई पाइपलाइन बिछाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे सरकार के लगभग 3 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च की भी बचत होगी।
किसान संगठनों और ग्रामीणों ने सरकार से जनहित के इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की मूल आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द सकारात्मक कार्रवाई कर चैनौत गांव के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत दिलाएगी।



Leave a Reply