“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल: जन शिकायतों का त्वरित निपटान करें अधिकारी, समाधान शिविरों की समीक्षा में डीसी अपराजिता के सख्त निर्देश

कैथल, 3 जुलाई। कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक जन शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के समाधान प्रकोष्ठ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाए और शिकायतों के समाधान के बाद पूरी जानकारी पोर्टल पर समय पर अपडेट की जाए।
शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में स्पष्ट टिप्पणियां दर्ज नहीं होने के कारण शिकायतें लंबित रह जाती हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी जांच रिपोर्ट के साथ तथ्यों पर आधारित विस्तृत विवरण पोर्टल पर दर्ज करें।
डीसी ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान नियमानुसार संभव नहीं है, उनके संबंध में कारणों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए जांच रिपोर्ट सहित पोर्टल पर तुरंत अपडेट किया जाए। इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनकी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा नियमित समीक्षा की जाती है। ऐसे में सभी विभाग समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएं, ताकि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।
बैठक में एडीसी सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *