कैथल, 2 जुलाई। जिला प्रशासन की पहल पर कैथल के जींद रोड स्थित डाइट (DIET) भवन में ‘ज्ञान दान बुक बैंक’ का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त (डीसी) अपराजिता ने रिबन काटकर बुक बैंक का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर अभियान की शुरुआत की।
डीसी अपराजिता ने कहा कि ज्ञान दान बुक बैंक का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को मुफ्त पुस्तकें उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी बच्चा किताबों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि बुक बैंक में विभिन्न विषयों की 3,952 पुस्तकें एकत्रित की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे बड़ा धन है और यह व्यक्ति, समाज तथा राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने बच्चों के लिए पुस्तकें खरीदते समय एक अतिरिक्त पुस्तक भी दान करें, जिससे अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
डीसी ने बुक बैंक में बढ़ती पुस्तकों को देखते हुए अतिरिक्त कमरे, रैक और एयर कंडीशनर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान डीईईओ प्रमोद कुमार, डिप्टी डीईईओ जय भगवान, बीईओ बिमला सिरोही सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बुक बैंक में सहयोग देने वाले शिक्षकों, सेवानिवृत्त प्राचार्यों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही खेल, IIT Advanced, विज्ञान प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और अन्य शैक्षणिक उपलब्धियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।



Leave a Reply