कैथल, 2 जुलाई। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन, कैथल ने 24 जून 2026 को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ा में सेना और पुलिस के बीच हुई घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के नाम उपायुक्त कैथल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद निर्दोष को न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सेना से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों और संचार व्यवस्था की सुरक्षा राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।
एसोसिएशन ने एक अन्य ज्ञापन हरियाणा के मुख्यमंत्री, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री तथा मुख्य सचिव के नाम भी सौंपा। इसमें रेवाड़ी में एकीकृत सैनिक सदन, सैनिक संग्रहालय, अग्निवीरों को आरक्षण तथा 420 शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने जैसे निर्णयों के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही संगठन ने कैथल में लंबे समय से लंबित एकीकृत सैनिक सदन के निर्माण की मांग दोहराई। इसके अलावा रक्षा विभाग की खाली जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए वहां लघु सैनिक संग्रहालय बनाने तथा शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु के आश्रित को लंबित सरकारी नौकरी शीघ्र प्रदान करने की मांग भी उठाई।
प्रधान जगजीत फौजी ने सभी पूर्व सैनिकों से 5 जुलाई 2026 (रविवार) सुबह 9 बजे हनुमान वाटिका, कैथल में आयोजित मासिक बैठक में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बैठक में 26 जुलाई 2026 को हरियाणा शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ पांच दिन पहले हवन-यज्ञ और योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा बोर्ड एवं विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, सेना में कमीशन प्राप्त युवाओं तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर रामफल चहल, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, हवलदार मदन सिंह चहल, चीफ पेटी ऑफिसर राजबीर भाना, सूबेदार विजय शर्मा, रिशालदार कर्मबीर भाल, दफेदार बलदेव सिंह, नायक जीत सिंह फौजी सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply