

करनाल, 22 जून। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से करनाल मंडल पुलिस द्वारा कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, करनाल मंडल में सहजयोग ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) करनाल मंडल अशोक कुमार, आईपीएस के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें मंडल कार्यालय के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ध्यान सत्र में मुख्य वक्ताओं के रूप में नरेश कुमार (सेवानिवृत्त प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक), डॉ. सुमन कपीला (प्रधान वैज्ञानिक, एनडीआरआई करनाल), आनंद कुमार तथा ज्योति ने सहजयोग ध्यान की प्रक्रिया और इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया।
विशेषज्ञों ने बताया कि सहजयोग के माध्यम से कुंडलिनी जागृति एवं आत्मसाक्षात्कार द्वारा मानसिक शांति, आत्मज्ञान और ईश्वरीय प्रेम की अनुभूति प्राप्त की जा सकती है। नियमित ध्यान अभ्यास से व्यक्ति निर्विचार अवस्था को प्राप्त कर तनाव, चिंता और मानसिक दबाव से राहत पा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व के 100 से अधिक देशों में लाखों लोग सहजयोग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी रहे हैं।
इस अवसर पर आईजी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान विभिन्न प्रकार के मानसिक और शारीरिक दबावों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में योग और ध्यान जैसी गतिविधियां उन्हें तनावमुक्त रखने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बताया कि करनाल मंडल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य संवर्धन और तनाव प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सहजयोग टीम द्वारा इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना है, ताकि वे आमजन को और अधिक प्रभावी तथा संवेदनशील सेवाएं प्रदान कर सकें।




Leave a Reply