“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

निर्माणाधीन मकान से औजार व बिजली का सामान चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तार बरामद


कैथल, 22 जून। कैथल पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान से औजार और बिजली का सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बिजली की तार भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई संदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव पेगा, जिला जींद निवासी सोनू उर्फ सतीश कुमार को गिरफ्तार किया।
मामले की शिकायत रुद्रा कॉलोनी, कैथल निवासी सचिन कुमार ने दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी रुद्रा कॉलोनी में एक मकान निर्माणाधीन है, जहां बिजली फिटिंग का सामान और लकड़ी मिस्त्री के औजार रखे हुए थे। 15 मई की सुबह जब वह मकान पर पहुंचे तो पाया कि बिजली फिटिंग की तार उखाड़ी जा चुकी थी तथा छह तारों के मंडल और मिस्त्री के औजार चोरी हो चुके थे।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन, कैथल में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 390 ग्राम बिजली की तार बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैथल पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Keywords: Kaithal News, Kaithal Police, Theft Case Kaithal, Construction Site Theft, Rudra Colony Kaithal, Sonu Satish Kumar Arrested, Electricity Wire Theft, Haryana Crime News, Anti Vehicle Theft Staff Kaithal, Kaithal Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *