“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें युवा : डीसी अपराजिता

नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें युवा : डीसी अपराजिता

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान के तहत हिन्दू गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित

कैथल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 11 जून से 26 जून तक ड्रग फ्री हरियाणा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को हिन्दू गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैथल में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की प्रेरणा, एडीजीपी संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अपराजिता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि डीएसपी सुशील प्रकाश ने उनका स्वागत किया।

किशोरावस्था में सही निर्णय लेना जरूरी

उपायुक्त अपराजिता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है, जिसमें लिए गए छोटे-छोटे निर्णय व्यक्ति के पूरे भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन केवल भाग्य से नहीं, बल्कि हमारे सही और गलत निर्णयों से बनता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि कोई मित्र उन्हें नशे जैसी गलत आदत अपनाने के लिए प्रेरित करे तो ऐसे मित्र का साथ छोड़ देना चाहिए। इस उम्र में लिए गए सही निर्णय भविष्य में सफलता की मजबूत नींव बनते हैं।

नशे की गिरफ्त से निकलना बेहद कठिन

डीसी अपराजिता ने कहा कि एक बार यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो उससे बाहर निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है और उसका भविष्य कई वर्षों पीछे चला जाता है। इसलिए युवाओं को आज ही सही निर्णय लेते हुए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता का विश्वास बनाए रखने, उनकी बातों का सम्मान करने तथा अनुशासित जीवन शैली अपनाने का भी आह्वान किया।

पढ़ाई और खेलकूद में मेहनत करने का दिया संदेश

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में पूरी मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और समाज को नई दिशा देंगे।

नशे के दुष्प्रभावों पर किया गया जागरूक

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीएसपी रमेश चंद्र, इफको हरियाणा के एरिया मैनेजर देवी दयाल, डॉ. प्रमिला रेढू, हारट्रोन एडवांस स्किल सेंटर के प्रमुख डॉ. बलविंदर ढुल, चीफ कोऑर्डिनेटर पंकज आत्रेय, एसएचओ सिविल लाइन इंस्पेक्टर रमेश चंद्र, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर मंजीत, एसआई सतीश, एएसआई नरेश, एएसआई अमन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पुलिस मुख्यालय पंचकूला के कम्युनिटी आउटरीच प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने किया।

सिरसा से शुरू होकर फरीदाबाद में होगा अभियान का समापन

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान का उद्घाटन चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा से किया गया था। इसके बाद विभिन्न जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत 12 जून को फतेहाबाद, 15 जून को पंचकूला, 16 जून को यमुनानगर, 17 जून को पानीपत, 18 जून को कैथल, 20 जून को झज्जर, 22 जून को सोनीपत, 23 जून को गुरुग्राम तथा 26 जून को फरीदाबाद में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फरीदाबाद में अभियान का समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *