“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल में प्रवेश प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत

महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल में प्रवेश प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत

कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य राजेन्द्रकुमार अनायत के नेतृत्व में एडमिशन कमेटी का गठन किया गया है, जो प्रवेश प्रक्रिया को नियमानुसार संचालित करेगी। अभ्यर्थी 23 जून तक विश्वविद्यालय के टीक परिसर में प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध है।

कुलगुरु आचार्य राजेन्द्रकुमार अनायत ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय हरियाणा का एकमात्र संस्कृत विश्वविद्यालय है, जिसकी स्थापना भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं और शास्त्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक युग की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारोन्मुखी, प्रायोगिक और कौशल आधारित पाठ्यक्रम भी संचालित कर रहा है।

विश्वविद्यालय में व्याकरण, साहित्य, ज्योतिष, दर्शन, वेद और धर्मशास्त्र विषयों में शास्त्री (B.A.) तथा आचार्य (M.A.) पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अलावा योग में बीए एवं एमए, हिन्दू अध्ययन तथा फिलॉसफी में एमए कोर्स भी उपलब्ध हैं। नवाचार एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के तहत वेद, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, वैदिक गणित और कर्मकाण्ड में डिप्लोमा तथा हिन्दी-अंग्रेजी-हिन्दी में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय में शास्त्री/बीए पाठ्यक्रमों में 250 सीटें, आचार्य/एमए पाठ्यक्रमों में 280 सीटें तथा विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 460 सीटें निर्धारित की गई हैं।

शैक्षणिक अधिष्ठाता एवं कुलसचिव आचार्य संजय गोयल ने सभी योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर टीक, कैथल में पहुंचकर प्रवेश के लिए आवेदन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश फॉर्म डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों सहित पीडीएफ बनाकर admission@mvsu.ac.in पर ईमेल के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं।

प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 जून 2026 है, जबकि प्रथम मेरिट सूची 24 जून 2026 को जारी की जाएगी। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *