पुलिस की गलती थी, लेकिन भाषा पर संयम जरूरी : दिग्विजय चौटाला
कैथल। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने हाल ही में सामने आए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था में कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार सवालों के घेरे में आता है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वह अर्जुन को अपना छोटा भाई मानते हैं और उसे सलाह देंगे कि वह अपनी जुबान पर नियंत्रण रखे। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत संघर्ष, शालीनता और जनसेवा की रही है, इसलिए नई पीढ़ी पर उस परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी और अधिक है।
उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में अनेक बड़ी लड़ाइयां लड़ीं, लेकिन कभी भी असंयमित भाषा का प्रयोग नहीं किया। इसी प्रकार ओमप्रकाश चौटाला, अजय चौटाला और अभय सिंह चौटाला ने भी हमेशा राजनीतिक मर्यादाओं का पालन किया।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यदि किसी मामले में पुलिस की गलती थी तो उस पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन अपशब्दों के प्रयोग से पूरा मुद्दा दूसरी दिशा में चला गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और युवाओं को विशेष रूप से अपनी भाषा और आचरण का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि समाज उन्हें आदर्श के रूप में देखता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति व्यक्त करने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसे मर्यादित और जिम्मेदार तरीके से रखा जाना चाहिए, ताकि मूल मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।


Leave a Reply