कैथल में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित, 7,308 मामलों का हुआ निपटारा
कैथल, 09 मई 2026: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कैथल की अध्यक्षा एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश कंचन माही के मार्गदर्शन में शनिवार को न्यायिक परिसर कैथल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 7,308 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कंवल कुमार ने बताया कि लोक अदालत में कुल 12,789 लंबित मामलों को रखा गया था। इनमें से 7,308 मामलों का आपसी सहमति से समाधान किया गया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, राजस्व तथा अन्य मामलों में कुल 6 करोड़ 22 लाख 7 हजार 875 रुपये की राशि से संबंधित मामलों का निपटारा किया गया।
कंवल कुमार ने कहा कि लोक अदालत ऐसा मंच है जहां विवादों का समाधान दोनों पक्षों की पारस्परिक सहमति से किया जाता है। इसमें किसी की हार या जीत नहीं होती, बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। लोक अदालत शीघ्र, सरल और सस्ता न्याय प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए इसे जनता की अदालत भी कहा जाता है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में किसी प्रकार का न्यायालय शुल्क नहीं लिया जाता। यदि किसी मामले में पहले से कोर्ट फीस जमा करवाई गई हो तो समझौता होने पर उसे वापस कर दिया जाता है। इस व्यवस्था से आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय प्राप्त होता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नंदिता कौशिक, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) अपर्णा भारद्वाज, सिविल न्यायाधीश (जूनियर डिवीजन) संदीप कौर, तुषार शर्मा, साक्षी मेंगी तथा अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश (जूनियर डिवीजन) गुहला डिवीजन राजविंदर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न बेंचों का गठन किया गया।














Leave a Reply