कैथल शहर में 62 स्थानों पर लगाए जाएंगे 200 सीसीटीवी कैमरे
कैथल, 07 मई 2026: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस विभाग की ओर से कैथल शहर को पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न 62 चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इन कैमरों के माध्यम से शहर में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही किसी भी वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले अपराधियों को जल्द ट्रेस कर गिरफ्तार करने में भी पुलिस को सहायता मिलेगी। पुलिस विभाग द्वारा कैमरे लगाने के लिए विस्तृत मैप तैयार किया गया है, ताकि शहर के प्रत्येक संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र को कवर किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सभी सीसीटीवी कैमरे सामाजिक संस्थाओं और सामाजिक व्यक्तियों के सहयोग से लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी गई है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और जहां आपराधिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
एसपी ने बताया कि कैमरों के माध्यम से शहर को चारों दिशाओं से कवर किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। यदि शहर में कोई आपराधिक वारदात होती है तो वह कैमरों में कैद हो जाएगी और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की पहचान आसानी से हो सकेगी। इससे अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में भी सामाजिक सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।















Leave a Reply