स्कूलों में ट्रैफिक नियमों की सख्ती, डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की
कैथल, 22 अप्रैल: जिला में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों की पालना को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष व शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर स्कूलों में ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने कहा कि कई स्कूलों में नाबालिग बच्चे दोपहिया व चारपहिया वाहन चलाकर स्कूल पहुंच रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का सीधा उल्लंघन है। यह न केवल बच्चों के लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा बन सकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बालिग विद्यार्थी भी कई बार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं, जैसे बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना और ओवरस्पीडिंग करना। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ने शिक्षा अधिकारियों से आह्वान किया कि वे स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करें और उन्हें नियमों की पालना के लिए प्रेरित करें। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार और विशेष अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। यदि कोई अभिभावक ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने कहा कि ट्रैफिक नियमों की पालना से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है और एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पुलिस के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।















Leave a Reply