कैथल, 14 अक्टूबर 2026। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 1 नवंबर से सांसद खेल महोत्सव 2026 का आगाज होगा। इस बार महोत्सव को पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी है। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ नकद पुरस्कार जीतने का अवसर भी मिलेगा। महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए जिन्दल हाउस, कैथल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
सांसद खेल महोत्सव में 11 खेलों की प्रतियोगिताएं
सांसद खेल महोत्सव 2026 के तहत कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, शूटिंग, क्रिकेट, एथलेटिक्स और रस्साकशी सहित कुल 11 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव दो चरणों में होगा। पहले चरण में 1 से 20 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में 7 से 16 दिसंबर तक लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 16 दिसंबर को भव्य समापन समारोह होगा।
सांसद खेल महोत्सव के लीड कोऑर्डिनेटर शुभम ऐरी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
विधानसभा और लोकसभा स्तर पर मिलेंगे नकद पुरस्कार
महोत्सव में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि तय की गई है।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं के पुरस्कार:
विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार: 3,100 रुपये
विधानसभा स्तर पर द्वितीय पुरस्कार: 2,100 रुपये
लोकसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार: 10,000 रुपये
लोकसभा स्तर पर द्वितीय पुरस्कार: 5,000 रुपये
लोकसभा स्तर पर तृतीय पुरस्कार: 2,100 रुपये
टीम स्पर्धाओं के पुरस्कार:
विधानसभा स्तर पर विजेता टीम: 50,000 रुपये
विधानसभा स्तर पर उपविजेता टीम: 25,000 रुपये
लोकसभा स्तर पर प्रथम स्थान: 1,00,000 रुपये
लोकसभा स्तर पर द्वितीय स्थान: 50,000 रुपये
लोकसभा स्तर पर तृतीय स्थान: 21,000 रुपये
40, 50 और 60 प्लस आयु वर्ग के लोग भी ले सकेंगे हिस्सा
सांसद खेल महोत्सव के लीड कोऑर्डिनेटर रोहन मेनन ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य खेलों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत इस बार 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को भी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
इसके अलावा सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की योजना है। खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए जेल परिसर में कैदियों के बीच वॉलीबॉल मैच आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है।
कुरुक्षेत्र मैराथन और एमपी-11 बनाम मीडिया-11 मैच होंगे आकर्षण
कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में कुरुक्षेत्र मैराथन, एमपी-11 और मीडिया-11 के बीच क्रिकेट मुकाबले तथा पोलो का प्रदर्शनी मैच शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 31 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र और 16 नवंबर को कैथल में एमपी-11 तथा मीडिया-11 के बीच क्रिकेट मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिताओं का डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे खेल प्रेमी मुकाबलों को देख सकेंगे।
खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की पहल
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की पहल की है। इसकी शुरुआत शाहबाद के मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम से की जा चुकी है।
सांसद खेल महोत्सव के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
सांसद खेल महोत्सव 2026 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। खिलाड़ी ऑनलाइन माध्यम, क्यूआर कोड या संबंधित विधानसभा के आयोजकों के जरिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कर्मवीर सिसोदिया, गुहला हल्का प्रभारी; वीरेंद्र सारण, कलायत हल्का प्रभारी; अरविंद गोलन, पुंडरी हल्का प्रभारी और डॉ. राज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव 2026 का उद्देश्य क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

